वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस के 2 छंद वाले फैसले पर BJP का बड़ा हमला, कहा- राष्ट्रगीत की गरिमा से समझौता नहीं

0

वंदे मातरम् को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले की कड़ी निंदा की है, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल शुरुआती दो छंद गाने की बात कही गई है। बीजेपी ने इसे राष्ट्रगीत की गरिमा और उसकी ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया है।

बीजेपी ने शनिवार, 22 अगस्त को इस मुद्दे पर एक प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि वंदे मातरम् के सभी 6 छंद भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम, संघर्ष और बलिदान की विरासत का प्रतीक हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वंदे मातरम् को सांप्रदायिक दबाव, राजनीतिक तुष्टीकरण या वोट-बैंक की राजनीति का विषय बनाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।

वंदे मातरम् विवाद BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने क्या कहा?

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि पार्टी कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा 19 अगस्त 2026 को लिए गए उस निर्णय का स्पष्ट शब्दों में विरोध करती है, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो पदों के गायन को सीमित करने की बात कही गई।

उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति, स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरक मंत्र और भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर प्रतीक है।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान, गरिमा, ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय स्वरूप की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस को BJP की दो टूक

बीजेपी ने कांग्रेस को याद दिलाते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या उसकी कार्यसमिति का प्रस्ताव भारत की संवैधानिक संस्थाओं और संसद द्वारा स्थापित व्यवस्था से ऊपर नहीं हो सकता।

पार्टी का कहना है कि 1937 का राजनीतिक निर्णय, 1950 में संविधान सभा द्वारा राष्ट्रीय गीत के संबंध में स्थापित स्थिति और बाद के कानूनी प्रावधानों से ऊपर नहीं रखा जा सकता।

बीजेपी ने यह भी कहा कि वह जनता के सामने उस ऐतिहासिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को रखेगी, जिसमें वंदे मातरम् के गायन को सीमित करने का फैसला लिया गया था।

ये भी पढ़ें: Bihar makhana board:बिहार के सांसदों ने पीएम को गिफ्ट किए राज्य के मखाने, क्या है इनकी खासियत?

युवाओं के बीच चलेगा जागरूकता अभियान

बीजेपी अब वंदे मातरम् के इतिहास, अर्थ और राष्ट्रीय महत्व को लेकर देशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी में है। पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत पहुंचाई जाएगी।

पार्टी का कहना है कि आने वाली पीढ़ियों को यह बताया जाएगा कि वंदे मातरम् भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र-जागरण और असंख्य बलिदानों से कितना गहराई से जुड़ा रहा है।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के सम्मान और उसकी विरासत से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बीजेपी का कहना है कि 1947 में भारत की आजादी के जयघोष से जुड़ा वंदे मातरम्, 2047 के विकसित भारत के संकल्प में भी राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा बना रहेगा।

Facebook link – https://www.facebook.com/profile.php?id=61560912995040

सम्पर्क सूत्र: प्रिय मित्रों अगर आप हमारे साथ अपनी और आसपास की कहानियां या किस्से शेयर करना चाहते हैं तो हमारे कॉलिंग नंबर 96690 12493 पर कॉल कर या फिर thestorywindow1@gmail.com पर ईमेल के जरिए भेज सकते हैं। इसके अलावा आप अपनी बात को रिकॉर्ड करके भी हमसे शेयर कर सकते हैं। The Story  Window के जरिए हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएंगे ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.